अक्षय कुमार स्टारर 'वेलकम टू द जंगल' बॉक्स ऑफिस पर शानदार कमाई कर रही है. फिल्म ने महज 10 दिनों में घरेलू बॉक्स ऑफिस पर 100 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर लिया है. इस बीच फिल्म के डायरेक्टर अहमद खान ने फिल्म के बजट को लेकर चल रही तमाम अटकलों पर विराम लगा दिया है.
अहमद खान ने फिल्म की रिलीज के कई हफ्तों बाद फिल्म के बजट पर बात की और साफ कहा कि बजट 200-250 करोड़ रुपये नहीं, बल्कि इससे काफी कम है.
'110 करोड़ में पूरी कर दी फिल्म'
अहमद खान ने बताया कि उन्होंने पूरी फिल्म सिर्फ 110 करोड़ रुपये में शूट कर ली थी, जबकि प्रिंट्स एंड एडवरटाइजिंग (P&A) जोड़ने के बाद फिल्म की कुल लागत करीब 125 करोड़ रुपये रही. उन्होंने कहा- मैंने फिल्म 110 करोड़ में पूरी की. P&A जोड़ने के बाद कुल बजट 125 करोड़ हुआ. अगर शूटिंग के दिन बढ़ जाते तो खर्च भी तेजी से बढ़ता.
स्क्रीन से बातचीत में डायरेक्टर ने खुलासा किया कि इतनी बड़ी स्टारकास्ट होने के बावजूद फिल्म की शूटिंग सिर्फ 75 दिनों में पूरी कर ली गई. उनके मुताबिक- अगर शूटिंग एक दिन भी बढ़ती है तो सिर्फ कलाकारों की फीस ही नहीं, बल्कि कैटरिंग, रोजाना का खर्च, प्रोसेसिंग, एडिटिंग और बैकग्राउंड स्कोर तक का बजट बढ़ जाता है. असली खेल शूटिंग के दिनों का होता है.
बजट के नाम पर फैली अफवाह
अहमद खान ने बताया कि कई दिनों तक सेट पर करीब 900 लोग मौजूद रहते थे. इनमें कलाकारों की टीम और उनका स्टाफ भी शामिल था. इतना ही नहीं, सेट पर कभी-कभी 50 वैनिटी वैन भी खड़ी रहती थीं. इसके बावजूद उन्होंने बजट को कंट्रोल में रखा और तय समय में फिल्म पूरी कर ली.
फिल्म के बजट को लेकर उड़ रही खबरों पर प्रतिक्रिया देते हुए अहमद खान ने कहा- मैं सुन रहा था कि लोग फिल्म का बजट 200-250 करोड़ रुपये बता रहे हैं. आखिर कोई ऐसा कैसे कह सकता है? अगर मैंने इतना पैसा खर्च किया होता तो इंडस्ट्री में 36 साल बिताने का क्या फायदा?
उन्होंने आगे कहा कि ये कोई भारी-भरकम वीएफएक्स वाली सुपरहीरो फिल्म नहीं है, बल्कि एक सीधी-सादी एंटरटेनर है. सिर्फ बड़ी स्टारकास्ट होने का मतलब ये नहीं कि फिल्म का बजट आसमान छू जाए.
रिलीज से पहले ही निकल आई थी पूरी लागत
सबसे दिलचस्प खुलासा करते हुए अहमद खान ने बताया कि फिल्म रिलीज होने से पहले ही अपनी पूरी लागत निकाल चुकी थी. उन्होंने कहा- सैटेलाइट, डिजिटल और म्यूजिक राइट्स से हमारा पूरा बजट रिलीज से पहले ही रिकवर हो गया था. कागजों पर फिल्म पहले ही हिट बन चुकी थी. अब बॉक्स ऑफिस की कमाई तो सबके सामने है. मेरे प्रोड्यूसर्स तो बैंक तक हंसते हुए जा रहे हैं. ये पूरी तरह असली सफलता है.
अहमद खान के इन खुलासों के बाद साफ है कि 'वेलकम टू द जंगल' सिर्फ बॉक्स ऑफिस पर ही नहीं, बल्कि बिजनेस के मोर्चे पर भी मेकर्स के लिए फायदे का सौदा साबित हुई है.